रणबीर बने राम तो रॉकिंग स्टार यश बने रावण, रामायणम् का दमदार टीजर रिलीज
रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायणम्’ का पहला टीज़र आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। फिल्म का अंग्रेजी नाम Ramayana और हिंदी नाम रामायणम् होगा।
टीज़र की शुरुआत ए.आर. रहमान के संगीत के साथ होती है, जिसमें त्रिदेवों — ब्रह्मा, विष्णु और शिव — की शक्तियों और ब्रह्मांड के संतुलन की बात की जाती है।
संतुलन की राख से एक अजेय राक्षस रावण का जन्म होता है, जो देवताओं से घृणा करता है और विष्णु का अंत चाहता है।
इस खतरे से निपटने के लिए विष्णु स्वयं धरती पर एक साधारण इंसान के रूप में अवतरित होते हैं — राम के रूप में, जिसे रणबीर कपूर निभा रहे हैं।
टीज़र में यश की रावण के रूप में पहली झलक मिलती है, जो रहस्यमय और शक्तिशाली दिखाई देते हैं, वहीं राम बने रणबीर कपूर धनुष-बाण चलाते और पेड़ों पर छलांग लगाते नजर आते हैं।
फिल्म में साई पल्लवी सीता की भूमिका में हैं, रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे, सनी देओल हनुमान और अरुण गोविल दशरथ का किरदार निभा रहे हैं।
इस फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और इसे नामित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं।
रामायणम् दो भागों में रिलीज होगी — पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा।