जमानियांः आगामी दिनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बक्सर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच स्पेशल फास्ट पैसेंजर ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन के चलने से बक्सर, गहमर, करहिया, दिलदारनगर, जमानिया और धीना के यात्रियों को राहत मिलेगी।
पूर्व मध्य रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 03287/03288 बक्सर-डीडीयू-बक्सर स्पेशल का परिचालन प्रतिदिन किया जाएगा। यह ट्रेन 63263/63232 के खाली रेक का इस्तेमाल कर चलाई जाएगी।
2 सितंबर से शुरू होगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 03287 बक्सर-डीडीयू स्पेशल 2 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक रोजाना चलेगी। इस दौरान इसके 29 फेरे होंगे। ट्रेन बक्सर स्टेशन से शाम 7 बजे रवाना होगी और रात 9:30 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी।
रास्ते में ट्रेन का ठहराव गहमर, करहिया, दिलदारनगर, जमानिया और धीना स्टेशनों पर होगा।
ट्रेन के निर्धारित समय के अनुसार यह बक्सर से शाम 7 बजे रवाना होकर गहमर 7:17 बजे, करहिया 7:22 बजे, दिलदारनगर 7:34 बजे, जमानिया 7:49 बजे और धीना 7:59 बजे पहुंचेगी। इसके बाद रात 9:30 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। ठहराव के दौरान क्रमश: गहमर में 1 मिनट, करहिया में 1 मिनट, दिलदारनगर में 2 मिनट, जमानिया में 1 मिनट और धीना में 1 मिनट का समय निर्धारित है।

3 सितंबर से चलेगी वापसी की ट्रेन
वापसी में ट्रेन संख्या 03288 डीडीयू-बक्सर स्पेशल 3 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से सुबह 4:30 बजे रवाना होगी और सुबह 7:10 बजे बक्सर पहुंचेगी।
यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि स्पेशल ट्रेन के ठहराव की जानकारी मिल गई है। ट्रेन के संचालन से इस रेलखंड पर रोजाना सफर करने वाले स्थानीय और दैनिक यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।