Site icon Khabar Kashi

Ghazipur News: नोएडा की मोटी सैलरी, फिर भी दहेज में भैंस की मांग, पत्नी ने भाभी संग…

ghazipur news, ghazipur news today, hindi news, khaba kashi, ghazipur samachar, ghazipur ki khabar,

गाजीपुर में दहेज का अजब मामला सामने आया है।

Ghazipur News: गाजीपुर में दहेज का एक अजब मामला सामने आया है। एक पत्नी ने पुलिस के आगे रोते पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। दरअसल पत्नी ने पुलिस को बताया, “साहब, मेरा पति नोएडा की एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करता है, मोटी तनख्वाह है, फिर भी मुझसे दहेज में भैंस मांग रहा है।” यह कहते हुए विवाहिता महिला थाने में फूट-फूटकर रो पड़ी।

महिला ने आरोप लगाया है कि मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। महिला ने पति पर भाभी से अवैध संबंध होने का भी गंभीर आरोप लगाया है। मामला उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के एक गांव का है।

पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी साल 2019 में श्याम जी यादव से हुई थी। शादी के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो पति, जेठ और सास-ससुर ने दहेज में भैंस की मांग शुरू कर दी। साफ शब्दों में कहा गया कि जब तक भैंस नहीं मिलेगी, उसे घर में नहीं रखा जाएगा।

शादी के बाद से ही ससुराल में सह रही प्रताड़ना

शुरुआत में विवाहिता ने ससुराल वालों का अत्याचार चुपचाप सहा, लेकिन हालात नहीं बदले तो वह मायके लौट आई। इसके बाद कई बार पंचायतें हुईं और समझौते की कोशिशें की गईं। पंचायत के दबाव में वह दोबारा ससुराल गई, लेकिन आरोप है कि दहेज की मांग और प्रताड़ना फिर शुरू हो गई। इसी दौरान महिला ने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद भी ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला।

पीड़िता का कहना है कि करीब साढ़े तीन साल पहले भैंस न लाने के कारण उसे घर से निकाल दिया गया। तब से वह अपने मायके में रह रही है। उसने बताया कि उसके पिता बेहद गरीब हैं और इतनी महंगी भैंस लाने की स्थिति में नहीं हैं। इसके बावजूद पिता कई बार ससुराल गए, इस उम्मीद में कि शायद बात बन जाए और बेटी वापस अपने घर बस सके। कई पंचायतें भी हुईं, लेकिन ससुराल वाले उसे साथ ले जाने को तैयार नहीं हुए।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति नोएडा स्थित ओम इंटरनेशनल कंपनी में नौकरी करता है और करीब 80 हजार रुपये महीना कमाता है। इसके बावजूद वह दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करता रहा। पीड़िता का दावा है कि पति का अपनी भाभी से नाजायज संबंध है और उसी के कहने पर उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाला गया।

मामला सुलझाने के लिए विवाहिता ने महिला प्रकोष्ठ में भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन वहां भी पति ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया। आखिरकार मजबूर होकर उसने पति समेत चार अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2), 351(3) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मुकदमा दर्ज कराया।

पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मयंक शेखर

मैं मीडिया इंडस्ट्री से पिछले 7 सालों से जुड़ा हूं। नेशनल, स्पोर्ट्स और सिनेमा में गहरी रूचि। गाने सुनना, घूमना और किताबें पढ़ने का शौक है।

Exit mobile version