Site icon Khabar Kashi

Ghazipur news: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने पेट्रोलिंग वाहन को मारी टक्कर, 1 की मौत

ghazipur news, up news, accident, purvanchal expressway, dead, worker,

मृतक: टोलकर्मी पवन कुशवाहा (फाइल फोटो)

Ghazipur news: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में टोलकर्मी की जान चली गई। कासिमाबाद थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में एक तेज रफ्तार और बेकाबू कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े पेट्रोलिंग वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पेट्रोलिंग वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे में गंभीर रूप से घायल टोलकर्मी पवन कुशवाहा की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 1:00 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के चैनेज नंबर 310.2 किलोमीटर पर पेट्रोलिंग वाहन (UP32SN7003) नियमित गश्त के दौरान सड़क किनारे पीली पट्टी के अंदर खड़ा था। इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर (HP12AA7029) ने अनियंत्रित होकर पेट्रोलिंग वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पेट्रोलिंग वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन से उतर रहे टोलकर्मी पवन कुशवाहा, पुत्र विंध्याचल कुशवाहा, गंभीर रूप से घायल हो गए। पवन कुशवाहा गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के केलही गांव के निवासी थे और एक्सप्रेसवे पर टोल संचालन से जुड़ी ड्यूटी पर तैनात थे।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तत्काल ओरिएंटल कंपनी की एम्बुलेंस को बुलाया गया और घायल पवन कुशवाहा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मऊ ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना के बाद पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया। पुलिस ने कंटेनर और उसके चालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। वहीं, मृतक टोलकर्मी पवन कुशवाहा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मयंक शेखर

मैं मीडिया इंडस्ट्री से पिछले 7 सालों से जुड़ा हूं। नेशनल, स्पोर्ट्स और सिनेमा में गहरी रूचि। गाने सुनना, घूमना और किताबें पढ़ने का शौक है।

Exit mobile version