Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर गोली चलने की घटना सामने आई है। बताया गया कि मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास शनिवार को ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से गोली चली। इस दौरान गोली के छर्रे लगने से तीन लोग घायल हो गए।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पीएसी जवान की कार्बाइन से कथित तौर पर गलती से गोली चली, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में कर लिया।
घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद पुलिस और मंदिर प्रशासन ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने बताया कि घटना उस समय हुई, जब पीएसी जवान नंदू फरिया लेन में भीड़ को नियंत्रित कर रहा था।
#WATCH | Varanasi, Uttar Pradesh: On accidental firing from PAC personnel’s weapon near Kashi Vishwanath temple gate, Additional Commissioner of Police, Shivhari Meena, says, “This morning, while a PAC jawan on duty was clearing a crowd in Nandu Fariya Lane, an accidental… pic.twitter.com/XNj61xVozH
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 4, 2026
डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि मंदिर के बाहर तैनात पीएसी जवान के हाथ से कार्बाइन छूट गई थी, जिसके कारण उससे दो राउंड फायर हो गए। दोनों फायर जमीन पर हुए थे, लेकिन यहां फूलमाला बेचने वाले तीन लोगों को गोली के छर्रे लग गए। एक व्यक्ति के हाथ में, दूसरे की कमर और तीसरे के पैर में छर्रे लगे हैं। उन्होंने बताया कि तीनों में से कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत ठीक है।
घायल व्यक्ति विकास यादव ने बताया कि जब वह फूलमाला की दुकान पर थे, उसी दौरान गोली चली। पीएसी जवान अपनी कार्बाइन को पीछे पकड़कर खड़ा था। उसकी कार्बाइन से गोली चली। बाद में अन्य पुलिसकर्मी आए और जवान को वहां से ले गए। विकास यादव ने यह भी बताया कि घटना के बाद पुलिसकर्मी मौके से छर्रों को भी उठाकर ले गए।
विकास यादव ने कहा, “मेरे हाथ और कमर में छर्रा लगा है। कुल तीन लोग घायल हुए हैं।” घायल व्यक्ति रामबाबू ने बताया कि पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चली थी। उसके छर्रे पैर और हाथ में लगे हैं। उन्होंने बताया कि सुबह लगभग 7 बजे यह घटना घटी। तीसरे घायल युवक विक्की ने बताया कि सुबह घटना मंदिर के गेट नंबर-4 पर हुई। पुलिसकर्मी अपनी कार्बाइन के साथ खड़े थे, तभी गोली चल गई। घटना के बाद उन्हें वहां से हटा दिया गया था।









