Bihar Result: पीएम मोदी की ‘भविष्यवाणी’ का वीडियो सोशल मीडिया पर छाया

Bihar Result: बिहार विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझान एनडीए के पक्ष में जाते दिखाई दे रहे हैं। 243 सीटों वाली विधानसभा में गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। चुनाव आयोग के डेटा के अनुसार, भाजपा 85 और जेडीयू 75 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, महागठबंधन की ओर से राजद 36 और कांग्रेस 6 सीटों पर आगे है।

इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मोदी बिहार में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए दावा करते नजर आते हैं कि एनडीए इस बार अपनी “सबसे बड़ी जीत” दर्ज करने जा रहा है। उन्होंने मंच से समर्थकों से कहा था कि 14 नवंबर के बाद “विजय उत्सव की तैयारी” करें। अब जब रुझान एनडीए के पक्ष में मजबूती से जा रहे हैं, यह बयान फिर चर्चा में है।

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी इसी वीडियो को साझा करते हुए लिखा, “एनडीए अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करने के लिए तैयार है, ठीक वैसे ही जैसे प्रधानमंत्री ने कहा था।”

इसके साथ ही अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने इंडी गठबंधन और राजद पर सीधा हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि “जंगलराज वाले” नौकरी और निवेश दोनों के लिए खतरा हैं। मोदी ने दावा किया कि राजद के लोग खुले तौर पर कह रहे हैं कि “भैया की सरकार” आने पर फिरौती, कट्टा और दोनाली का राज लौट आएगा, लेकिन बिहार अब ऐसी “कट्टा सरकार” नहीं चाहता।

मोदी ने पहले चरण के मतदान का जिक्र करते हुए कहा था कि अब तक के सबसे अधिक वोट पड़े हैं और यह दिखाता है कि बिहार की जनता ने खुद एनडीए की वापसी का जिम्मा उठा लिया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, पहले चरण में 64 प्रतिशत से अधिक और दूसरे चरण में 68 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ।

बिहार में दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान संपन्न हुआ था। अब मतगणना के बीच बढ़त के रुझानों ने चुनावी हलचल तेज कर दी है और सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के दावे एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं।

c38c4153506a55f8100e23b49f2caae9bd36566652a67cea1dcf55f764643161

मयंक शेखर

मैं मीडिया इंडस्ट्री से पिछले 7 सालों से जुड़ा हूं। नेशनल, स्पोर्ट्स और सिनेमा में गहरी रूचि। गाने सुनना, घूमना और किताबें पढ़ने का शौक है।

Leave a Comment