दिलदारनगर: डीजे पर डांस को लेकर बवाल, दूल्हे की पिटाई से मौत, 8 के खिलाफ FIR

यूपी के गाजीपुर जिले में एक शादी की खुशियां उस वक्त मातम में तब्दील हो गईं, जब डीजे पर डांस को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस झड़प में दूल्हे की बुरी तरह पिटाई कर दी गई, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह दुखद घटना दिलदारनगर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की है, जहां रेवतीपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव से बारात आई थी। राकेश राम (26) की शादी का समारोह चल रहा था और जयमाल कार्यक्रम के दौरान डीजे पर डांस को लेकर बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई शुरू हो गई।

दूल्हे के पिता ब्रिगेडियर राम बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। अपने पिता को बचाने आगे आए राकेश राम पर लाठी-डंडों और तमंचे की बट से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल राकेश को पहले नजदीकी मेडिकल कॉलेज और फिर वाराणसी रेफर किया गया, जहां शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, राकेश दो भाइयों में बड़ा था और उसका छोटा भाई बिहार पुलिस में तैनात है। इस घटना से गांव और परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। शादी की खुशियों को मातम में बदल देने वाली इस घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है।

c38c4153506a55f8100e23b49f2caae9bd36566652a67cea1dcf55f764643161

मयंक शेखर

मैं मीडिया इंडस्ट्री से पिछले 7 सालों से जुड़ा हूं। नेशनल, स्पोर्ट्स और सिनेमा में गहरी रूचि। गाने सुनना, घूमना और किताबें पढ़ने का शौक है।

Leave a Comment