गाजीपुरः ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद अफजाल अंसारी के बयान से बढ़ी सरगर्मी, केंद्र से तुरंत ये फैसला लेने को कहा

गाजीपुरः समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अफजाल अंसारी ने बुधवार को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ठिकानों पर भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक की सराहना की। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से सीख लेते हुए तुरंत पीओके को भारतीय सीमा में मिलाने की दिशा में कदम उठाए।

गाजीपुर से सपा सांसद अंसारी ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा, “भारतीय सेना ने अपने अदम्य साहस और सैन्य कौशल का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के नौ प्रमुख आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक ध्वस्त किया है। यह पाकिस्तान की आतंकवादी संरचना को तोड़ने की शुरुआत है।”

‘पाकिस्तान सबक लेने वाला देश नहीं है’

अंसारी ने दो टूक कहा कि जब तक पीओके को भारत का हिस्सा नहीं बनाया जाता, पाकिस्तान की उकसावे वाली नीतियों पर अंकुश नहीं लग सकेगा। उन्होंने कहा, “देश की जनता यह मानती है कि पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आएगा। वह आसानी से सबक सीखने वाला नहीं है। हमें निर्णायक कार्रवाई करनी होगी।”

‘मोदी सरकार इंदिरा गांधी से ले सबक’

सपा नेता ने केंद्र सरकार से आक्रामक रुख अपनाने की मांग करते हुए कहा, “मोदी सरकार को सेना को पीओके पर अधिकार करने के निर्देश देने चाहिए। इंदिरा गांधी जी ने 1971 में जिस तरह पाकिस्तान को विभाजित कर बांग्लादेश का निर्माण कराया था, उसी साहसिक नेतृत्व की आज आवश्यकता है।”

लश्कर और जैश के ठिकानों पर सटीक हमला

भारतीय सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब देते हुए मंगलवार रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए। इन हमलों में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों के अड्डे शामिल थे। भारतीय सेना ने इस ऑपरेशन को मापा हुआ, असंवेदनशीलता से मुक्त और विशुद्ध रूप से आतंकवाद विरोधी कार्रवाई करार दिया है।

c38c4153506a55f8100e23b49f2caae9bd36566652a67cea1dcf55f764643161

मयंक शेखर

मैं मीडिया इंडस्ट्री से पिछले 7 सालों से जुड़ा हूं। नेशनल, स्पोर्ट्स और सिनेमा में गहरी रूचि। गाने सुनना, घूमना और किताबें पढ़ने का शौक है।

Leave a Comment