Zamania News: लापता किशोरी का शव गंगा नदी में मिला, दो युवकों पर अपहरण का आरोप

Zamania News: गाजीपुर जिले के जमानियां कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रघुनाथपुर गांव की 15 वर्षीय नेहा उर्फ माला बिंद का शव गंगा नदी से बरामद किया गया। वह शुक्रवार सुबह से लापता थी।

परिजनों के मुताबिक, नेहा शुक्रवार सुबह साइकिल से खेत में पानी देने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार को गांव के पास गंगा किनारे उसकी साइकिल और चप्पल पड़ी मिली। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया।

कुछ ही देर बाद नदी में पीपल के पेड़ के नीचे किशोरी का शव बरामद हुआ। शव घर पहुंचते ही मां जानकी देवी सहित पूरे परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।

मृतका के पिता बसंत बिंद ने बताया कि नेहा कक्षा 9 की छात्रा थी और छह भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। वे मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पिता का आरोप है कि गांव के ही दो युवक उनकी बेटी से अक्सर बात करते थे और उन्हीं ने उसे गायब किया। उन्होंने कहा कि उन्हीं युवकों की वजह से आज उन्हें अपनी बेटी की लाश मिली।

प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर दोनों युवकों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

c38c4153506a55f8100e23b49f2caae9bd36566652a67cea1dcf55f764643161

मयंक शेखर

मैं मीडिया इंडस्ट्री से पिछले 7 सालों से जुड़ा हूं। नेशनल, स्पोर्ट्स और सिनेमा में गहरी रूचि। गाने सुनना, घूमना और किताबें पढ़ने का शौक है।

Leave a Comment