Ghazipur News: मुख्तार की पत्नी अफशां की तलाश में गाजीपुर-मऊ में ताबड़तोड़ छापेमारी

Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और मऊ जिलों में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने दिवंगत पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी की तलाश में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। लंबे समय से फरार चल रहीं अफशां अंसारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गाजीपुर और मऊ पुलिस की संयुक्त टीमों ने सात संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में दो स्थानों और सैदपुर थाना क्षेत्र के एक ठिकाने पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। वहीं मऊ जिले में मुख्तार अंसारी से जुड़े नेटवर्क के चार अलग-अलग ठिकानों को खंगाला गया।

मुख्तार अंसारी की पत्नी की तलाश में कहां-कहां पहुंची पुलिस

छापेमारी के दौरान पुलिस की एक टीम मऊ के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र स्थित मिर्जाहादीपुरा इलाके में समाजवादी पार्टी नेता और पूर्व चेयरमैन तैयब पालकी के आवास पर भी पहुंची। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूरे घर की गहन तलाशी ली गई। तैयब पालकी को मुख्तार अंसारी का करीबी माना जाता है। हालांकि उन्होंने मीडिया से बातचीत में किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया और कहा कि पूछताछ के बाद पुलिस वापस लौट गई।

एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने अभियान की पुष्टि करते हुए बताया कि अफशां अंसारी कई मामलों में वांछित हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस हर उस संभावित ठिकाने पर नजर रख रही है, जहां उनके छिपे होने की आशंका है।

कई आपराधिक मामलों में हैं वांछित

अफशां अंसारी मऊ सदर से विधायक अब्बास अंसारी की मां हैं और कई आपराधिक मामलों में वांछित चल रही हैं। पुलिस की यह कार्रवाई मुख्तार अंसारी के नेटवर्क को ध्वस्त करने और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।

मुहम्मदाबाद कोतवाल वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि पुलिस ने अफशां अंसारी की तलाश में उनके करीबी सहयोगियों मंसूर अंसारी और गौस मोइनुद्दीन के घरों पर भी दबिश दी और पूछताछ की।

अचानक हुई इस बड़ी कार्रवाई से गाजीपुर और मऊ के राजनीतिक व प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अफशां अंसारी की गिरफ्तारी तक सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा।

c38c4153506a55f8100e23b49f2caae9bd36566652a67cea1dcf55f764643161

मयंक शेखर

मैं मीडिया इंडस्ट्री से पिछले 7 सालों से जुड़ा हूं। नेशनल, स्पोर्ट्स और सिनेमा में गहरी रूचि। गाने सुनना, घूमना और किताबें पढ़ने का शौक है।

Leave a Comment