Ghazipur News: गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय की हत्या में बड़ा खुलासा!

Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात में शहर के चर्चित होटल कारोारी आलोक राय उर्फ डब्लू राय के 29 वर्षीय बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने होटल के मुख्य गेट पर उन्हें घेरकर चार गोलियां मारीं और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

यह वारदात सदर कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर बाईपास रोड स्थित बिंदु होटल के बाहर हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि परिजनों ने कुख्यात अपराधी शंकर पांडेय और उसके गैंग पर हत्या का आरोप लगाया है।

बीयर खरीदने के बहाने पहुंचे थे हमलावर

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11 बजे विनीत राय होटल में मौजूद थे। खाना खाने के बाद वह घर जाने के लिए निकले और अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश युवक होटल पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने पहले होटल के गेट पर तैनात गार्ड से बीयर मांगी। बातचीत के दौरान उन्होंने 16 बियर की मांग की और ऑनलाइन भुगतान की बात कही। गार्ड भुगतान की प्रक्रिया समझा ही रहा था कि इसी बीच विनीत होटल से बाहर निकलकर अपनी कार की ओर बढ़ने लगे। तभी बदमाशों ने अचानक पिस्टल निकाल ली और विनीत को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

ये भी पढ़ेंः यूपी आबकारी विभाग में बड़ा फेरबदल, 37 अधिकारियों के तबादले

भागने की कोशिश की, सीने में उतार दीं दो गोलियां

हमले में पहली गोली विनीत के हाथ में लगी। वह जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और कमर में गोली मार दी। विनीत के लड़खड़ाकर गिरते ही बदमाशों ने उनके सीने में दो और गोलियां दाग दीं।

गंभीर रूप से घायल विनीत होटल के गेट पर ही गिर पड़े। इसके बाद हमलावरों ने गार्ड को भी दौड़ाया। गार्ड किसी तरह जान बचाकर होटल के अंदर भागा और शटर बंद कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और विनीत को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एक साल पहले हुई थी शादी, दो महीने की बेटी छोड़ गए

विनीत राय होटल का संचालन संभालते थे और होटल के नवीनीकरण का काम भी देख रहे थे। उन्होंने डी-फार्मा की पढ़ाई की थी। पिछले वर्ष 18 मई को उनकी शादी हुई थी। परिवार में उनकी पत्नी और दो महीने की एक बेटी है।

बिंदु होटल शहर के प्रमुख होटलों में गिना जाता है। वर्ष 2012 में आलोक राय और उनके भाई अरविंद राय ने इसे स्थापित किया था। होटल में करीब 50 कमरे हैं और इसका सालाना कारोबार लाखों रुपये का बताया जाता है।

 Ghazipur, Ghazipur News, Ghazipur Latest News, Vineet Rai murder, Bindu Hotel, Katra Gang, hotel owner son shot, Uttar Pradesh crime, Phullanpur Bypass, murder investigation, gang violence, Alok Rai,

पिता का आरोप- रंगदारी नहीं देने पर बेटे की हत्या

होटल कारोबारी आलोक राय ने सीधे तौर पर कुख्यात अपराधी शंकर पांडेय पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वर्ष 2024 में शंकर पांडेय और उसके साथियों ने उनसे रंगदारी मांगी थी। मांग पूरी न करने पर होटल में तोड़फोड़ की गई थी और उस मामले में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।

आलोक राय का आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री, डीजीपी, एडीजी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायतें दी थीं, लेकिन आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रदेश सरकार से गैंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

‘कटरा गैंग’ के एंगल पर जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शंकर पांडेय क्षेत्र में सक्रिय कथित ‘कटरा गैंग’ का सरगना माना जाता है। यह गैंग सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए संचालित होने की बात सामने आती रही है। आरोप है कि समूह के सदस्य किसी विवाद की सूचना मिलते ही एकत्र होकर मारपीट, फायरिंग और वसूली जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या का संबंध पुराने विवाद और रंगदारी के मामले से है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एडीजी पीयूष मोर्डिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शहर के बीचोंबीच हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

c38c4153506a55f8100e23b49f2caae9bd36566652a67cea1dcf55f764643161?s=96&d=mm&r=g

मयंक शेखर

मैं मीडिया इंडस्ट्री से पिछले 7 सालों से जुड़ा हूं। नेशनल, स्पोर्ट्स और सिनेमा में गहरी रूचि। गाने सुनना, घूमना और किताबें पढ़ने का शौक है।

Leave a Comment