Ghazipur News: दिलदारनगर के उसिया में अंधविश्वास के चलते अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, दो गिरफ्तार

Ghazipur News: गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के उसिया गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जो ग्रामीण समाज में आज भी गहरे पैठ बनाए अंधविश्वास की भयावह तस्वीर पेश करती है। 6 जून को एक अधेड़ व्यक्ति जीतन यादव को भूत-प्रेत के शक में कुछ युवकों ने पीट-पीटकर मार डाला। इस घटना ने न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी दिखाया है कि विज्ञान और तकनीक के इस दौर में भी कुछ इलाकों में अंधविश्वास किस कदर जानलेवा साबित हो रहा है।

कैसे हुई घटना?

गांव में अफवाह फैल गई थी कि जीतन यादव पर किसी बुरी आत्मा का साया है या वे किसी तांत्रिक गतिविधि में शामिल हैं। इसी शक और अफवाह ने विवाद की चिंगारी भड़काई। कहासुनी बढ़ी और मामला हिंसा में बदल गया। आरोप है कि गांव के ही रणजीत यादव (22 वर्ष) और लोरिक यादव (18 वर्ष) ने मिलकर जीतन यादव को बुरी तरह पीटा। घायल अवस्था में परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 7 जून की सुबह करीब 8:30 बजे दोनों आरोपियों को दिलदारनगर के वायरलेस चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी फेरू यादव के बेटे हैं और डेरा उसरा, दक्षिण मुहल्ला, उसिया गांव के निवासी हैं।

गिरफ्तारी के दौरान रणजीत यादव की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़े का बेंट भी बरामद किया गया।

दर्ज हुआ गंभीर आपराधिक मामला

पुलिस ने इस मामले में अभियोग संख्या 102/25 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 115(2), 352, 351(3), और 105 में मुकदमा दर्ज किया है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संतोष कुमार, उपनिरीक्षक नन्दलाल मिश्र, हेड कांस्टेबल उदय दुबे और कांस्टेबल जितेन्द्र गुप्ता ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरी जांच अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी जमानियां, और थाना प्रभारी दिलदारनगर के नेतृत्व में की गई।

c38c4153506a55f8100e23b49f2caae9bd36566652a67cea1dcf55f764643161

मयंक शेखर

मैं मीडिया इंडस्ट्री से पिछले 7 सालों से जुड़ा हूं। नेशनल, स्पोर्ट्स और सिनेमा में गहरी रूचि। गाने सुनना, घूमना और किताबें पढ़ने का शौक है।

Leave a Comment